रोडवेज कर्मचारियों का बड़ा ऐलान! 16 अक्टूबर को 6 घंटे धरना, प्रबंधन से वार्ता विफल
Triangle News
लखनऊ में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद का आंदोलन जारी रखने का फैसला, लंबित मांगों और कथित उत्पीड़न के खिलाफ आर-पार की तैयारी!
Report: Sanjay Mukhi | Triangle News Lucknow
लखनऊ। उत्तर प्रदेश रोडवेज में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को लेकर आंदोलन तेज होने के संकेत हैं। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश शाखा अवध डिपो ने प्रबंधन के साथ द्विपक्षीय वार्ता विफल रहने के बाद आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत 16 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
दो दौर की वार्ता, लेकिन समाधान नहीं!
परिषद के शाखा अध्यक्ष सुरेश कुमार वर्मा और मंत्री कान्तेश कुमार शर्मा के अनुसार, कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और उनके विरुद्ध कथित उत्पीड़नात्मक कार्रवाइयों को लेकर 7 अक्टूबर 2026 को नोटिस जारी किया गया था।
इसके बाद 9 अक्टूबर को प्रबंधन के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई, लेकिन समस्याओं का निर्णायक समाधान नहीं निकल सका। 12 अक्टूबर को दोबारा हुई वार्ता में भी परिषद को लंबित समस्याओं और पूर्व में बनी सहमतियों के अनुपालन पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला।
16 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन, कर्मचारियों के हितों पर जोर
वार्ता में समाधान नहीं निकलने के बाद परिषद ने आंदोलन को जारी रखने का निर्णय लिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 अक्टूबर को छह घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
परिषद पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आंदोलन से पहले या उसके दौरान किसी कर्मचारी के खिलाफ उत्पीड़नात्मक अथवा दमनात्मक कार्रवाई की गई तो उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाने की बात भी कही गई है।
❓ अब निगम प्रशासन के सामने चुनौती
परिषद ने निगम प्रशासन से मांग की है कि कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का शीघ्र और न्यायसंगत समाधान किया जाए तथा द्विपक्षीय वार्ताओं में बनी सहमतियों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
अब देखना होगा कि 16 अक्टूबर के प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले प्रबंधन और कर्मचारी संगठन के बीच कोई सहमति बनती है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है।
Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…