लखनऊ: गोसाईंगंज और मोहनलालगंज में LDA का बुलडोजर, 100 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में 5 अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
Triangle News
रिपोर्ट: राजेश सक्सेना
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की कार्रवाई, बिना ले-आउट स्वीकृति विकसित की जा रही थीं प्लॉटिंग

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को गोसाईंगंज और मोहनलालगंज क्षेत्र में अभियान चलाकर 100 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में विकसित की जा रही पांच अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने की।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के अनुसार, गोसाईंगंज क्षेत्र के ग्राम बेली, मोहारी कला, उदवतखेड़ा और शिवलर माइनर के किनारे अभियान चलाया गया। यहां सुरेश कुमार राठौर, प्रगति साहू, मनीष मिश्रा, अनिल अग्रवाल, प्रशांत मिश्रा, सौरभ सिंह, दीपक सिंह, विष्णु गुप्ता व अन्य द्वारा लगभग 90 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही चार अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया।

वहीं, मोहनलालगंज के ग्राम खुजौली में सरस्वती लॉन के पीछे अभिषेक सिंह, राजू व अन्य द्वारा लगभग 18 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही एक अन्य अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया गया।
एलडीए अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित स्थलों पर बिना स्वीकृत ले-आउट के किए जा रहे अनियोजित विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई को अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान के तहत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे।