लखनऊ में जलभराव से जंग: नगर निगम ने संभाला मोर्चा, नावों से रेस्क्यू से लेकर ड्रोन से दवा छिड़काव तक
Triangle News

रिपोर्ट: राजेश सक्सेना
जोन-3 और जोन-6 में राहत अभियान तेज, 12 अस्थायी रैन बसेरे, 80 हजार लीटर पैकेज्ड पानी और 200 सफाईकर्मी मैदान में
लखनऊ। गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर और जलभराव की स्थिति के बीच लखनऊ नगर निगम ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। जोन-3 और जोन-6 की टीमें लगातार मैदान में डटी हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ भोजन, पेयजल, दवाएं, रैन बसेरे, मोबाइल टॉयलेट, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता संबंधी इंतजाम किए जा रहे हैं।

नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देशन और अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त के नेतृत्व में दाउदनगर, मामा कॉलोनी, लोहरामऊ, मिल्लतनगर समेत कई प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जारी है।
12 अस्थायी रैन बसेरे, 300 लोग ले रहे आश्रय
नगर निगम के अनुसार जलभराव प्रभावित लोगों के लिए 12 अस्थायी रैन बसेरे तैयार किए गए हैं। इनमें दाउदनगर में 10 तथा लोहरामऊ और मिल्लतनगर में एक-एक रैन बसेरा शामिल है।

इसके अलावा पल्टन छावनी, उमराव हाता और इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे 100-100 बेड क्षमता वाले तीन स्थायी रैन बसेरे भी उपलब्ध हैं। रैन बसेरों में बेड, पंखे, कूलर, रोशनी और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
नगर निगम के मुताबिक जोन-6 क्षेत्र में करीब 250 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि लगभग 300 लोग रैन बसेरों में रह रहे हैं।

80 हजार लीटर पैकेज्ड पानी, प्रभावित इलाकों में भोजन-दवा भी
पेयजल की व्यवस्था के लिए दाउदनगर, लोहरामऊ और मिल्लतनगर में करीब 14-15 पानी के टैंकर लगाए गए हैं। अब तक करीब 80 हजार लीटर पैकेज्ड पेयजल वितरित किए जाने की जानकारी नगर निगम ने दी है।
प्रभावित क्षेत्रों में भोजन के पैकेट और दवाएं भी पहुंचाई जा रही हैं। टांड खेड़ा, सुखलाल खेड़ा, दौलत खेड़ा, मुन्नू खेड़ा, सैंथा, हयात नगर और अन्य इलाकों में राहत सामग्री का वितरण किया गया है।
200 सफाईकर्मी मैदान में, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव
जलभराव के साथ स्वच्छता चुनौती को देखते हुए यादव चौराहे से मामा कॉलोनी तक करीब 200 सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं। प्रभावित स्थानों पर सफाई के साथ ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है।
नगर निगम का कहना है कि पानी उतरने के बाद जमा कीचड़, गंदगी और कचरे की सफाई के लिए भी पहले से टीमों को तैयार किया जा रहा है, ताकि जलस्तर कम होते ही बड़े पैमाने पर सफाई और सैनिटाइजेशन अभियान शुरू किया जा सके।
ड्रोन से 138 एकड़ में एंटी लार्वा और एमएलओ का छिड़काव
जलभराव वाले इलाकों में मच्छरों के प्रजनन और संभावित संक्रमण को रोकने के लिए नगर निगम ने ड्रोन तकनीक का भी इस्तेमाल शुरू किया है।
नगर निगम के मुताबिक जोन-3 और जोन-6 में अब तक कुल 138 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन से एमएलओ और एंटी लार्वा का छिड़काव किया जा चुका है। इसमें जोन-3 के 76 एकड़ और जोन-6 के 62 एकड़ क्षेत्र को शामिल किया गया है।
जहां पानी के कारण सामान्य मशीनों और कर्मचारियों की पहुंच मुश्किल है, वहां ड्रोन के जरिए दवा का छिड़काव किया जा रहा है।
13 मोबाइल टॉयलेट और दाउदनगर में 65 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें
प्रभावित नागरिकों की सुविधा के लिए 13 मोबाइल टॉयलेट लगाए गए हैं। वहीं दाउदनगर में रात के समय राहत और बचाव कार्यों को सुचारु रखने के लिए करीब 65 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।
नाव और स्टीमर से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन
प्रभावित इलाकों में नावों और स्टीमर के जरिए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और राहत सामग्री पहुंचाने का काम जारी है। जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में 90 नावें लगाए जाने की जानकारी दी गई है।
दौलत खेड़ा, मुन्नू खेड़ा और सैंथा में नावें, जबकि टांड खेड़ा और सुखलाल खेड़ा समेत अन्य प्रभावित क्षेत्रों में स्टीमर वाली नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है। लक्ष्मी हॉस्पिटल के पीछे राहत सामग्री पहुंचाने के लिए विशेष रूप से नाव लगाई गई है।
बच्चों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित निकाल रही टीमें
जलभराव में फंसे बच्चों, स्कूली विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए नगर निगम की टीमें लगातार आवागमन कर रही हैं। जरूरत के अनुसार प्रभावित इलाकों में कई चक्कर लगाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है।
इंसानों के साथ पशुओं की भी सुरक्षा
नगर निगम की राहत टीमों ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं की सुरक्षा के लिए भी इंतजाम किए हैं। एक भैंस को सांप के काटने की सूचना मिलने पर चिकित्सक को मौके पर भेजकर उपचार कराया गया।
पशुपालकों के लिए एक ट्रक भूसा भी मंगाया गया है, ताकि जलभराव के दौरान पशुओं के चारे की समस्या न हो।
नगर आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और रेस्क्यू ऑपरेशन को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।
नगर निगम की टीमें फिलहाल राहत, रेस्क्यू और स्वास्थ्य सुरक्षा—तीनों मोर्चों पर सक्रिय हैं। प्रशासन की कोशिश है कि जलस्तर कम होने के बाद सफाई, सैनिटाइजेशन और बीमारी की रोकथाम का अभियान बिना देरी के शुरू किया जा सके।