लखनऊ में DCP दक्षिणी का एक्शन मोड! कृष्णानगर थाने का औचक निरीक्षण, जनसुनवाई में सुनीं फरियादें
Triangle News
रिपोर्ट: राजेश सक्सेना | Triangle News Lucknow
लखनऊ। दक्षिणी जोन के पुलिस उपायुक्त मो. मुश्ताक एक्शन मोड में नजर आए। शुक्रवार को उन्होंने कृष्णानगर थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं की पड़ताल की, वहीं दक्षिणी जोन कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
महिला सुरक्षा से साइबर अपराध तक, दिए सख्त निर्देश
कृष्णानगर थाने के निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने थाना कार्यालय, परिसर, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क और मेस का जायजा लिया। उन्होंने महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
लंबित शिकायतों और विवेचनाओं पर नजर
डीसीपी ने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने और शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने को कहा। साथ ही लंबित विवेचनाओं को गुण-दोष के आधार पर निपटाने तथा वांछित और वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अपराधियों पर शिकंजा, यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर
क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने, अपराध नियंत्रण और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नियमित गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और आमजन को होने वाली असुविधा दूर करने पर भी जोर दिया गया।
जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याएं सुनीं
दक्षिणी जोन कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान डीसीपी मो. मुश्ताक ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Triangle News Lucknow | सच के साथ, सबसे आगे।