‘मुझे तुम पर हमेशा विश्वास था’, ‘दृश्यम 3’ के एंड क्रेडिट्स में पत्नी शिवालिका के लिए अभिषेक पाठक का खास मैसेज
Triangle News
अजय देवगन स्टारर फिल्म ‘दृश्यम 3’ रिलीज के बाद से दर्शकों के बीच चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया काफी अच्छी बताई जा रही है। इस बीच फिल्म के निर्देशक अभिषेक पाठक और उनकी पत्नी, अभिनेत्री शिवालिका ओबेरॉय से जुड़ा एक बेहद भावुक पल सामने आया है।
शिवालिका ओबेरॉय ने थिएटर में फिल्म देखने के दौरान अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। फिल्म के अंत में आने वाले क्रेडिट्स में अभिषेक पाठक की ओर से शिवालिका के लिए एक खास संदेश लिखा गया था। पर्दे पर अपने लिए पति का यह संदेश देखकर शिवालिका भावुक हो गईं और उनकी आंखों में आंसू आ गए।
पर्दे पर पति का मैसेज देखकर भावुक हुईं शिवालिका
शिवालिका द्वारा शेयर किए गए वीडियो में फिल्म के एंड क्रेडिट्स चल रहे हैं। इसी दौरान अभिषेक पाठक की ओर से उनके लिए लिखा गया संदेश स्क्रीन पर दिखाई देता है।
यह संदेश फिल्म के सफर में शिवालिका के सहयोग और उनके साथ को समर्पित था। अपने पति का यह मैसेज बड़े पर्दे पर देखकर शिवालिका काफी इमोशनल नजर आईं।
इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर इस खास पल को लेकर अपने दिल की बात भी साझा की।
‘इस सफर में मुझे तुम पर भरोसा था’
शिवालिका ने बताया कि जब उन्होंने थिएटर में पहली बार पर्दे पर यह संदेश देखा तो उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उन्हें जिस तरह के संदेश मिल रहे हैं, उससे उन्हें महसूस हुआ कि यह पल केवल उनके लिए ही खास नहीं था, बल्कि इसे देखने वाले कई लोगों ने भी इसे महसूस किया।
अभिनेत्री ने अपने पति के फिल्मी सफर को याद करते हुए लिखा कि जब अभिषेक ने इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी, तब दोनों को अंदाजा नहीं था कि आगे का सफर कैसा रहने वाला है।
इस दौरान दोनों को कई मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा। काम के कारण दूरी रही, कई त्याग करने पड़े और ऐसे भी मौके आए जब व्यक्तिगत जिंदगी और रिश्ते के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण रहा। लेकिन इन परिस्थितियों के बावजूद शिवालिका को अभिषेक की सोच और उनके काम पर पूरा विश्वास था।
‘तुम्हारी पत्नी होने पर मुझे गर्व है’
शिवालिका ने आगे कहा कि आज जब अभिषेक के काम को दर्शकों से सराहना मिल रही है तो पीछे मुड़कर देखने पर वह सभी मुश्किलें सार्थक लगती हैं।
उन्होंने अपनी बेटी आरिका का जिक्र करते हुए लिखा कि जब वह बड़ी होगी और उसे पता चलेगा कि उसके पिता ने ‘दृश्यम’ जैसी फिल्म का निर्देशन किया था, तो उसे अपने पिता पर गर्व होगा।
शिवालिका ने अपने संदेश के अंत में अभिषेक के लिए अपना प्यार और गर्व जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें उनकी पत्नी होने पर बेहद गर्व है।
2023 में हुई थी दोनों की शादी
अभिषेक पाठक और शिवालिका ओबेरॉय ने साल 2023 में गोवा में शादी की थी। दोनों की पहली मुलाकात फिल्म ‘खुदा हाफिज’ के दौरान हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन भी अभिषेक पाठक ने किया था।
इस साल दोनों ने अपनी जिंदगी में एक और खूबसूरत अध्याय जोड़ा और बेटी आरिका का स्वागत किया। अब ‘दृश्यम 3’ से जुड़े इस खास पल ने दोनों की निजी जिंदगी के एक भावुक पहलू को भी फैंस के सामने ला दिया है।